हल्द्वानी में राजनाथ सिंह ने धामी को बताया ‘धुरंधर’, कहा-छह वर्ष में छक्का भी मारेंगे - Shaurya Mail

Breaking News
ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में आज ‘‘ नंदा-सुनंदा’’ 14वें संस्करण का आयोजन कियाएलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शत्प्रतिशत् होमडिलिविरी सुनिश्चित करवाने के जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों के अनुपालन में जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीम गठित कीसैनिक स्कूल घोड़ाखाल का हीरक जयंती स्थापना दिवस समारोह आयोजितजिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपद में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिएटीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में अपने बहुआयामी ऊर्जा पोर्टफोलियो को प्रदर्शित किया

हल्द्वानी में राजनाथ सिंह ने धामी को बताया ‘धुरंधर’, कहा-छह वर्ष में छक्का भी मारेंगे

 हल्द्वानी में राजनाथ सिंह ने धामी को बताया ‘धुरंधर’, कहा-छह वर्ष में छक्का भी मारेंगे

उत्तराखंड(नैनीताल),शनिवार 21 मार्च 2026

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को नैनीताल जनपद के हल्द्वानी पहुंचे। यहां एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित भव्य जनसभा में लगभग 50 हजार लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल की विस्तार से सराहना करते हुए उन्हें ‘धाकड़ धामी’ के साथ ‘धुरंधर धामी’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव से पूर्वं उन्होंने धामी को ‘धाकड़ धामी; कहा था, लेकिन जिस तरह उन्होंने उत्तराखंड के छठे मुख्यमंत्री के रूप में पिछले 4 वर्षों के कार्यकाल में धुंवाधार कार्य किये हैं, इसके बाद वह उन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहेंगे।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए की और कहा कि यह भूमि शौर्य, आध्यात्मिकता व तप के साथ सैन्य भूमि है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं राज्य के गठन के समय अल्प अवधि के लिए इस प्रदेश के भी मुख्यमंत्री रहे हैं, इसलिए यहां की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों से भलीभांति परिचित हैं। उनके उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते ही उत्तराखंड का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग स्वभाव से शांत होते हैं, किन्तु आवश्यकता पड़ने पर अद्भुत दृढ़ता भी दिखाते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब धामी मुख्यमंत्री बने थे, तब ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया था कि इनके नेतृत्व में सरकार को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और वही हुआ। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने धामी को ‘धाकड़’ कहा था, लेकिन अब उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहना अधिक उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि धामी राज्य के छठे मुख्यमंत्री हैं और इन्होंने चार वर्ष में चौका मार दिया है, उन्हें पूरा विश्वास है कि छह वर्ष में छक्का भी मारेंगे। उन्होंने अल्प समय में जिस प्रकार तीव्र गति से विकास कार्य किये हैं, वह छोटे राज्य के लिए असाधारण है और उनके नेतृत्व में उत्तराखंड ने नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने अनेक ऐसे कार्य किये हैं जो पूरे देश में पहली बार हुए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो साहस और दूरदर्शिता का उदाहरण है। इसके साथ ही नकल विरोधी व्यवस्था लागू कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गयी है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 100 से अधिक भ्रष्टाचारियों को कारावास भेजा गया है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार आया है।

उन्होंने कहा कि मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिली है, जिसमें चारधाम सर्व मौसम सड़क परियोजना, सैन्य धाम निर्माण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह धनराशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने राज्य की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। वर्ष 2011 में राज्य की सकल घरेलू उत्पाद लगभग 2.54 लाख करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गयी है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की संख्या 60 हजार से बढ़कर लगभग 80 हजार तक पहुंच गयी है तथा औद्योगिक इकाइयों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। सड़क नेटवर्क का विस्तार 1000 किलोमीटर से अधिक बढ़ा है।

राजनाथ सिंह ने महिला सशक्तीकरण को भी धामी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है तथा जेंडर बजट के माध्यम से उनके विकास के लिए विशेष प्रावधान किये गये हैं। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए गौरा देवी, रानी कर्णवती, बछेंद्री पाल और पद्मश्री बसंती बिष्ट जैसी हस्तियों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है और यहां हो रहा विकास पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन तथा जनजीवन को प्रभावित करेगा। मानसखंड कॉरिडोर और जमरानी बांध परियोजना जैसी योजनाओं से क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जमरानी बांध योजना, जो 50 वर्षों से लंबित थी, अब लगभग 3700 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित हो रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज’ जैसी योजनाएं लागू की गयी हैं, जिससे अंतिम गांवों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनेगी और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे तथा पूरे कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बना रहा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के चार वर्षों में हुए कार्यों को विस्तार से रखा। क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट के साथ कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा व राम सिंह कैड़ा सहित प्रदेश के अनेक मंत्री, बंशीधर भगत, डॉ. मोहन बिष्ट व सरिता आर्य आदि स्थानीय विधायक, मेयर गजराज बिष्ट एवं बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!