टनकपुर में सीएम ने हरी झंडी दिखाई, मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं - Shaurya Mail

Breaking News

टनकपुर में सीएम ने हरी झंडी दिखाई, मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

 टनकपुर में सीएम ने हरी झंडी दिखाई, मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

उत्तराखंड(चंपावत),शनिवार 14 मार्च 2026

जनपद के नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपजिला चिकित्सालय टनकपुर से एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (एसीएलएस) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तेज और उन्नत चिकित्सा सहायता मिल सकेगी, जिससे गंभीर रोगियों को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने में मदद मिलेगी। एम्बुलेंस बहल पेपर मिल्स लिमिटेड, काशीपुर द्वारा CSR के तहत उपलब्ध कराई गई है और यह आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस है।

सीएम ने उपजिला चिकित्सालय में फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन का भी लोकार्पण किया। अब मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों का इलाज आधुनिक तकनीक से स्थानीय स्तर पर ही संभव होगा, जिससे मरीजों को अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में नई डायलिसिस मशीन का निरीक्षण किया और आपातकालीन वार्ड का दौरा करते हुए मरीजों व उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था पर फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को संवेदनशील और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!