गणेश जोशी ने सेना के जवानों संग होली खेली - Shaurya Mail

Breaking News

गणेश जोशी ने सेना के जवानों संग होली खेली

 गणेश जोशी ने सेना के जवानों संग होली खेली

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 04 मार्च 2026

उत्तराखंड सरकार केे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को गढ़ी कैंट पहुंचकर सेना के जवानों के साथ हर्षोल्लास से रंगोत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने 127 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) के सैनिकों के साथ होली खेली और उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने जवानों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

मंत्री जोशी ने सैन्य क्षेत्र के प्रवेशद्वारों पर तैनात सैनिकों को भी मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिससे देशवासी सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर पाते हैं। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर उनके साथ समय बिताना और उनका उत्साहवर्धन करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने भारतीय सेना के जवानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाईचारे, प्रेम और समरसता का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट रखने का संदेश देता है। मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री भी विभिन्न अवसरों पर सैनिकों के बीच जाकर त्योहार मनाते हैं, जिससे वीर जवानों का मनोबल सुदृढ़ होता है।

इसके उपरांत मंत्री जोशी तिलक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में आयोजित होली उत्सव में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाई।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!