सीएम ने किया जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण - Shaurya Mail

Breaking News

सीएम ने किया जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण

 सीएम ने किया जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण

उत्तराखंड(नैनीताल),गुरुवार 05 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार शाम गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जमरानी बांध परियोजना सिंचाई और पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल पर अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के माध्यम से रोजगार,पर्यटन और समग्र क्षेत्रीय विकास को भी नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए परियोजना को स्वीकृति प्रदान की,जिसे वह ऐतिहासिक सौगात करार दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना न केवल उत्तराखण्ड, बल्कि उत्तर प्रदेश के किसानों और स्थानीय निवासियों को भी लाभ प्रदान करेगी।

दो टनलों का निर्माण लगभग 88 प्रतिशत पूरा

जमरानी परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना के तहत निर्मित दो टनलों का निर्माण लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नदी के जल प्रवाह के डायवर्जन के लिए कॉफर डैम का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद स्थायी बांध के निर्माण को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जाएगा। संपूर्ण परियोजना का लक्ष्य जून 2029 तक पूर्ण करना है।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल,दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू,भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता,जिला प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!