मुख्यमंत्री से केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री की भेंट, जल प्रबंधन एवं पेयजल योजनाओं पर हुई चर्चा - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री से केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री की भेंट, जल प्रबंधन एवं पेयजल योजनाओं पर हुई चर्चा

 मुख्यमंत्री से केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री की भेंट, जल प्रबंधन एवं पेयजल योजनाओं पर हुई चर्चा

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 18 जनवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय राज्य मंत्री (जल शक्ति मंत्रालय) डॉ. राज भूषण चौधरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य एवं केंद्र के बीच जल संसाधन प्रबंधन, पेयजल योजनाओं, सिंचाई, स्वच्छ जल उपलब्धता तथा जल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की पर्वतीय भौगोलिक संरचना, जल स्रोतों की संवेदनशीलता और सतत जल प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड देश की प्रमुख नदियों का उद्गम स्थल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार “जल जीवन मिशन” सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने उत्तराखंड में जल शक्ति मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमालयी राज्यों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं में राज्य सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।

भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में भविष्य की जल परियोजनाओं, केंद्र–राज्य समन्वय को और सुदृढ़ करने तथा जल संसाधनों के सतत उपयोग को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में उभरेगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!