महेंद्र भट्ट ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर जताई खुशी - Shaurya Mail

Breaking News

महेंद्र भट्ट ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर जताई खुशी

 महेंद्र भट्ट ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर जताई खुशी

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 16 जनवरी 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने निगम मुंबई सहित महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में पार्टी की प्रचंड जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की विकसित भारत निर्माण नीतियों पर जनता की मुहर बताया।

महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों को दी प्रतिक्रिया में कहा कि यह जनादेश उन लोगों के खिलाफ भी है जो क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने मीडिया में जारी प्रतिक्रिया में बताया कि महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में से भाजपा नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 23 निगमों में जीत दर्ज की है। खासतौर पर मुंबई जैसे एशिया के सबसे बड़े नगर निगम और देश की आर्थिक राजधानी में पार्टी को बहुमत हासिल हुआ।

उन्होंने कहा कि जनता ने क्षेत्रवाद और भाषाई राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेताओं ने उत्तर भारतीयों और दक्षिण भारतीयों के खिलाफ हो रही हिंसा और अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में कभी कोई बयान नहीं दिया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनता ने पीएम मोदी की विकास नीति पर मुहर लगाकर महाराष्ट्र और मुंबई के विकास में योगदान बढ़ाने का जनादेश दिया है। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि आने वाले सभी चुनावों में, विशेषकर उत्तराखंड में, जनता विकास के मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में खड़ी होगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!