मुख्य सचिव ने सचिवालय परिसर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्य सचिव ने सचिवालय परिसर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

 मुख्य सचिव ने सचिवालय परिसर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 16 सितंबर 2025

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने फाइलों की प्रक्रिया एक माह में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए पुरानी फाइलों के लिए रिकॉर्ड रूम शीघ्र तैयार करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने अनुभागों के निरीक्षण के दौरान पुरानी फाइलों से पटे पड़े अनुभागों में फाइलों की छंटनी कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि फाइलों के वीडिंग प्रोसेस के नियम को पुनः प्रसारित कर सभी अनुभागों में फाइलों की वीडिंग एक माह के अंदर अनिवार्य रूप से करा ली जाए। उन्होंने सचिव सचिवालय प्रशासन को शीघ्र ही रिकॉर्ड रूम के लिए स्थान चिन्हित कर एक यथोचित रिकॉर्ड रूम तैयार किया जाए, जिसमें आवश्यक फाइलों को व्यवस्थित रूप से रखा जा सके।

मुख्य सचिव ने ऐसे कुछ अनुभागों,जिनके विभिन्न अनुभाग एक की कक्ष में संचालित हो रहे हैं, पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सचिवालय परिसर में 10-12 अनुभागों के लिए तात्कालिक रूप से पोटा केबिन भवन की व्यवस्था सुनिश्चित कर अनुभागों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने सचिवालय परिसर के अंतर्गत अनुभागों का निरीक्षण रोस्टर पुनः प्रसारित किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिकारियों की ओर से अपने अनुभागों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से कर लिया जाए। उन्होंने सचिवालय परिसर के अंतर्गत सभी भवनों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!