विधायकों से निरंतर संवाद करें अधिकारी : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

विधायकों से निरंतर संवाद करें अधिकारी : मुख्यमंत्री

 विधायकों से निरंतर संवाद करें अधिकारी : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 02 अगस्त 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्रों की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से विधायकों के साथ निरंतर संवाद करने पर जोर देते हुए कहा कि शीर्ष प्राथमिकताओं के कार्यों में तेजी लाएं और यदि किसी कार्य में कोई समस्या आ रही है, तो संबंधित क्षेत्र के विधायकों, सचिव व विभागाध्यक्ष से वार्ता कर समस्या का समाधान करें।

शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं की मुख्यमंत्री घोषणाओं और अन्य कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की सभी 70 विधानसभाओं के अंतर्गत की गई घोषणाओं और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए शासन-प्रशासन और विधानसभा क्षेत्र के बीच सेतु की भूमिका में कार्य करने के लिए नोडल अधिकारी के रूप में अपर सचिव स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी जल्द देने को कहा। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को उजागर करते हुए कुछ नवाचार किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत योजना बनाई जाए। इसका सर्वे कर जल्द पूरा कर प्रस्ताव बनाने को कहा। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में स्थायी पानी की व्यवस्था के लिए एक माह में डीपीआर तैयार करने और संजय झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों को आवागमन और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था के लिए सुनियोजित प्लान पर कार्य किया जाए। शहरी क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाया जाए। पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

हर जिले में दो-दो गांव आदर्श गांव विकसित करें

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। बरसात के बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एम्स ऋषिकेश और किच्छा में बनने वाले एम्स के सेटेलाइट सेंटर के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। हर जिले में दो-दो गांव आदर्श गांव के रूप में विकसित किए जाएं।

बैठक के दौरान विधायकगणों द्वारा जलभराव की समस्या, पार्किंग और सौंदर्यीकरण के कार्यों, ड्रेनेज व सीवरेज की समस्या, नालों के निर्माण कार्य,यातायात प्रबंधन और अन्य समस्याएं रखी गईं। मुख्यमंत्री ने विधायकों की ओर से रखी गई समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में विधायक विनोद चमोली, प्रेमचंद अग्रवाल, मदन कौशिक, बृज भूषण गैरोला, प्रदीप बत्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, एल.एल.फैनई, डॉ.आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिवगण, अपर सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!