फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा का किया पूजन - Shaurya Mail

Breaking News

फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा का किया पूजन

 फिल्म अभिनेता अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा का किया पूजन

उत्तराखंड(ऋषिकेश),बुधवार 25 जून 2025

अभिनेता अनिल कपूर और फिल्म निर्माता व निर्देशक बोनी कपूर ने मां गंगा के पावन तट पर स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम में मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और नदियों, प्रकृति और पृथ्वी के संरक्षण के लिए संकल्प लिया।

गंगा तट पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के साथ दोनों कपूर भाइयों ने मां गंगा का पूजन-अर्चन किया। आध्यात्मिक शांति और गहन सुकून का अनुभव किया। इन्हाेंने इस आध्यात्मिक यात्रा में माताजी निर्मल कपूर के लिए विशेष प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में विश्व शांति यज्ञ में सहभाग कर विश्व शान्ति के लिए आहुतियां समर्पित कीं।

अनिल कपूर ने परमार्थ निकेतन के संपूर्ण अनुभव को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति से भरपूर बताते हुए कहा कि यह दिव्य स्थल केवल एक आश्रम नहीं, अपितु एक आध्यात्मिक धाम है। बोनी कपूर ने अपने भावों को प्रकट करते हुए कहा कि गंगा तट की दिव्यता से हमें वह शक्ति और प्रेरणा मिली है जो हमारे जीवन को नई दिशा देने में सहायक होगी।

परमार्थ प्रांगण में दोनों भाइयों ने पूज्य स्वामी के साथ मिलकर एक रूद्राक्ष के पौधे का रोपण किया। यह पौधा उन्हें हिमालय की हरित आभा और पर्यावरण सन्देश के रूप में भेंट किया गया। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि रूद्राक्ष न केवल पर्यावरण के लिए वरदान है, बल्कि यह हमारे भीतर भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। जब फिल्म और कला जगत से जुड़े महान व्यक्तित्व प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हैं, तो वह समाज में गहरी प्रेरणा का कार्य करता है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि हमारी नदियां, हमारे वृक्ष और हमारी संस्कृति ये केवल प्रकृति के घटक नहीं, बल्कि हमारे जीवन और आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं। संरक्षण व संवर्द्धन के लिए सभी को आगे आना होगा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!