बंगाल की भूमि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के जन जागरण की प्रेरणा रही है : राज्यपाल - Shaurya Mail

Breaking News

बंगाल की भूमि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के जन जागरण की प्रेरणा रही है : राज्यपाल

 बंगाल की भूमि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के जन जागरण की प्रेरणा रही है : राज्यपाल

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 20 जून 2025

राजभवन में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल राज्य का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर राज्यपाल ने उपस्थित सभी बंगाल के निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि बंगाल की भूमि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के जन जागरण की प्रेरणा रही है।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) सहित उत्तराखंड में निवास कर रहे पश्चिम बंगाल के लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के लोगों की ओर से अपनी समृद्ध संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए।

इस मौके पर राज्यपाल ने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, नृत्य और साहित्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रदेश गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसी महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है, जिन्होंने भारत को वैश्विक पटल पर गौरवान्वित किया।

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल हमें एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को जानने का अवसर देते हैं, बल्कि भारत की ‘अनेकता में एकता’ की भावना को भी प्रबल करते हैं। उन्होंने इस नई परंपरा को देश की एकता और अखंडता के लिए एक अनूठा प्रयास बताया। इस अवसर पर राज्यपाल ने राजभवन में मनाए जाने वाले विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य स्थापना दिवस पर आधारित कॉफी टेबल बुक‘‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’’ का विमोचन किया।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव स्वाति एस.भदौरिया, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ.नितिन उपाध्याय, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, दुर्गाबाड़ी देहरादून के सचिव दिलीप चक्रवर्ती एवं डॉ. एस. महांती सहित पश्चिम बंगाल के निवासी हिमांग्शु चक्रवर्ती, विश्वनाथ गंगोपाध्याय, अपराजिता दत्ता आदि उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!