राज्यपाल ने ‘कीवी मैन’ सगत सिंह मेहरा को किया सम्मानित - Shaurya Mail

Breaking News

राज्यपाल ने ‘कीवी मैन’ सगत सिंह मेहरा को किया सम्मानित

 राज्यपाल ने ‘कीवी मैन’ सगत सिंह मेहरा को किया सम्मानित

उत्तराखंड(नैनीताल),शुक्रवार 13 जून 2025

उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने गुरुवार को नैनीताल राजभवन में नैनीताल जनपद के निगलाट (भवाली) क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक सगत सिंह मेहरा को सम्मानित किया।

सगत सिंह मेहरा उत्तराखंड में कीवी की खेती को लोकप्रिय बनाने वाले अग्रणी कृषकों में गिने जाते हैं और ‘कीवी मैन’ के नाम से विख्यात हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी कृषि नवाचार में भूमिका की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि सगत सिंह मेहरा जैसे समर्पित कृषकों के प्रयासों से ही उत्तराखंड की उद्यानिकी को नई दिशा मिली है। उन्होंने कीवी जैसे उच्च मूल्य वाले फल को न केवल स्वयं अपनाया बल्कि अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति और जलवायु कीवी के लिए अनुकूल है, और इस दिशा में किसानों को मार्गदर्शन देने के लिए सगत सिंह मेहरा जैसे अनुभवजन्य उदाहरणों को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि 87 वर्षीय सगत सिंह मेहरा वर्ष 2000 से कीवी की खेती कर रहे हैं। उन्होंने न केवल नैनीताल बल्कि बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जनपदों में भी कीवी के पौधे उपलब्ध कराकर कीवी की खेती को प्रोत्साहन दिया है। वे बताते हैं कि कीवी में कई औषधीय गुण होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। बीते वर्षों में इसकी मांग में जबर्दस्त वृद्धि हुई है, जिसके कारण उन्होंने इसे ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है। उनके प्रयासों ने न केवल कीवी की खेती को पहचान दिलाई है, बल्कि अनेक किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का रास्ता भी दिखाया है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!