मुख्यमंत्री जहां भी जाएंगे, चलेगा स्वच्छता अभियान : धामी की अभिनव पहल - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री जहां भी जाएंगे, चलेगा स्वच्छता अभियान : धामी की अभिनव पहल

 मुख्यमंत्री जहां भी जाएंगे, चलेगा स्वच्छता अभियान : धामी की अभिनव पहल

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 11 जून 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को नया आयाम देते हुए एक अभिनव पहल की घोषणा की है। इसके तहत मुख्यमंत्री जहां भी दौरे पर जाएंगे या रात्रि विश्राम करेंगे, वहां अनिवार्य रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों सहित सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे इस पहल को मिशन मोड में लें और स्थानीय स्तर पर साफ-सफाई को प्राथमिकता दें। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। जहां-जहां मैं जाऊंगा या रात्रि विश्राम करूंगा, वहां स्वच्छता का संकल्प लिया जाएगा। यह सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का आंदोलन है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि वे राज्य के किसी भी तहसील दिवस में अचानक पहुंच सकते हैं, ताकि प्रशासन की जमीनी कार्यप्रणाली का आकलन किया जा सके और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।

यह पहल न केवल उत्तराखंड में सफाई व्यवस्था को नई दिशा देगी, बल्कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!