जल्द ही होगी 15 सौ एलटी शिक्षको की नियुक्ति : डा. रावत - Shaurya Mail

Breaking News

जल्द ही होगी 15 सौ एलटी शिक्षको की नियुक्ति : डा. रावत

 जल्द ही होगी 15 सौ एलटी शिक्षको की नियुक्ति : डा. रावत

उत्तराखंड(गोपेश्वर),शनिवार 17 मई 2025

चमोली जिला मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 110 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य में 15 सौ एलटी शिक्षकों की नियुक्ति जल्द होने वाली है।

चमोली के प्रभारी मंत्री डा. रावत की अध्यक्षता में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 110 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अवशेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। शिक्षकों की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि एलटी में 15 सौ शिक्षकों की नियुक्ति होने वाली है। जल्द ही जनपद को शत प्रतिशत शिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे।

बहुउददेशीय शिविर में अधिकांश शिकायतें सड़क, पेयजल, विद्युत, जंगली जानवरों से नुकसान, शिक्षकों की तैनाती से संबंधित रहीं। विद्यालय प्रबंधन समिति राजकीय कन्या विद्यालय नैग्वाड द्वारा हाईस्कूल को उच्चीकृत करने को लेकर प्रभारी मंत्री ने मुख्य शिक्षाधिकारी प्रस्ताव देने और राइका इण्टर कालेज अल्कापुरी, बैरागना, जूनियर हाई स्कूल सुनाऊ, कनोल में शिक्षकों की कमी को लेकर व्यवस्था पर शिक्षक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। तीन विद्यालयों में विद्युत संयोजन की समस्या को लेकर उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को विद्यालयों में जहां जहां बिजली के संयोजन नहीं किए गए उनकी लिस्ट साझा करने को कहा गया।

जडी-बूटी शोध संस्थान से बणद्वारा सड़क का सुधारीकरण व डामरीकरण को लेकर पीडब्लूडी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैतरणी-पपडियाणा सड़क में गडढो और नालियों की सफाई को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। निजमुला-पाणा-इराणी सडक पर अधूरे पुल निर्माण को लेकर पीएमजीएसवाई को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। अपर चमोली से खैनुरी सड़क के हैंडओवर करने को लेकर उन्होंने पीडब्लूडी और पीएमजीएसवाई को मिलकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नई ग्राम पंचायत मोली, हडुंगा में आंगनबाड़ी की मांग और द्रोणागिरी में आयुष्मान आरोग्य मन्दिर की मांग पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। मजोठी में हो रहे भ-ूधंसाव को लेकर सिंचाई विभाग तथा कुंजौ मैकोट से गंगोलीसैण मोटर मार्ग को लेकर पीडब्ल्यूडी को एस्टीमेट भेजने के निर्देश दिए। ग्राम करछुना में एएनएम सेंटर को हैंडओवर करने को लेकर आरडब्ल्यूडी को पेयजल कनेक्शन करते हुए स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर करने को कहा गया।

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, बाल विकास व समाज कल्याण की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उद्यान विभाग की परम्परागत कृषि विकास योजना के अन्तर्गत दर्शन सिंह चौहान को डेढ़ लाख और देवेंद्र सिंह नेगी को दो लाख की धनराशि, कृषि विभाग की मुख्यमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक के तहत बुरांश स्वयं सहायता समूह और अमघार स्वयं सहायता समूह को चार-चार लाख का चेक दिए गए।

पशुपालन विभाग द्वारा शिवलाल और भजनलाल को बकरी, भेड़ पालन के लिए 63 हजार के चेक दिए गए। बाल विकास विभाग की ओर से सोनिया देवी, आरती देवी को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग ने उषा देवी को पुत्री की शादी के लिए 50 हजार और करिश्मा को अटल आवास के लिए एक लाख तीस हजार का चेक प्रदान किए गए।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!