ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में तेजी लाने के निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में तेजी लाने के निर्देश

 ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में तेजी लाने के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 02 मई 2025

मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व और वन भूमि आदि के मामलों को शीघ्र निस्तारित कर कार्य की गति बढ़ाने को कहा है।

आज देहरादून स्थित राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और रेलवे के अधिकारियों से समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में रेलवे, वन व राजस्व को संयुक्त रूप से बैठक कर भूमि अधिग्रहण व हस्तांतरण की प्रक्रिया का निस्तारित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने परियोजना को निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाने पर जोर दिया। उन्हाेंने कहा कि योजना की अद्यतन जानकारी समय-समय पर मुख्य सचिव कार्यालय को उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है। विभिन्न टनलों के आसपास सड़कों की स्थिति खराब है। रेलवे इन सड़कों को जल्द दुरुस्त करें।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन बनेगा अत्याधुनिक

मुख्य सचिव ने रेलवे के डीआरएम आर.के. सिंह से हर्रावाला रेलवे स्टेशन को एक पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन की तर्ज पर तैयार करने की योजना पर काम किए जाने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्हें इसके लिए जितनी भी भूमि की आवश्यकता होगी, राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र के लिए डेवेलपमेंट प्लान तैयार किया जाए। साथ ही, उसे रेलवे स्टेशन के प्लान के साथ शामिल करते हुए एक विस्तृत एवं एकीकृत प्लान तैयार किया जाए।

प्रदेश भर के लिए तैयार होगा रेलवे प्लान

मुख्य सचिव ने शहरी विकास, पर्यटन, उद्योग और रेलवे संयुक्त रूप से भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार प्रदेशभर में रेलवे प्रोजेक्ट्स का प्लान तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में कुम्भ मेला आयोजित होना है। उन्होंने रेलवे को इसके लिए ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण और अपग्रेडेशन की योजना तैयार कर कार्यवाही शुरू किए जाने की बात कही, ताकि कुम्भ के दौरान क्षेत्र में भीड़ प्रबन्धन और निकासी को सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके। उन्होंने डीआरएम मुरादाबाद एवं इज्जतनगर से, उनके सम्मुख आ रही अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार द्वारा रेलवे द्वारा कराए जा रहे कार्यों में हर सम्भव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी एवं शासन प्रशासन स्तर से समस्याओं का शीघ्रातिशीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने डीआरएम इज्जतनगर वीना सिन्हा से टनकपुर-देहरादून कोच की आवृत्ति बढ़ाए जाने और टनकपुर-दिल्ली के बीच वंदे भारत चलाए जाने पर चर्चा की।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव विनीत कुमार व रीना जोशी सहित शासन और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!