भुवनेश्वर में ओडिशा कॉन्क्लेव-2025 और देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का करेंगे उद्घाटन - Shaurya Mail

Breaking News

भुवनेश्वर में ओडिशा कॉन्क्लेव-2025 और देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का करेंगे उद्घाटन

 भुवनेश्वर में ओडिशा कॉन्क्लेव-2025 और देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली,मंगलवार 28 जनवरी 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज देश के दो राज्यों में सघन कार्यक्रम है। वो ओडिशा और उत्तराखंड का दौरा करेंगे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे वो भुवनेश्वर के जनता मैदान में उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव-2025 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वो शाम को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में शाम करीब 6 बजे 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपने एक्स हैंडल में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को साझा किया है।

वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन का मकसद

पीआईबी की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भुवनेश्वर में उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करेंगे। ओडिशा सरकार के इस प्रमुख वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन (ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट) का उद्देश्य राज्य को पूर्वोदय विजन के केंद्र के साथ-साथ भारत में एक प्रमुख निवेश गंतव्य और औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

प्रधानमंत्री मेक इन ओडिशा प्रदर्शनी का भी उद्घाटन भी करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन का समापन 29 जनवरी को होगा। यह उद्योग जगत के लीडर्स, निवेशकों और नीति निर्माताओं के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा।सम्मेलन में सीईओ और नेताओं की गोलमेज बैठकें, क्षेत्रीय सत्र, बी2बी बैठकें और नीतिगत चर्चाएं होंगी, जिससे दुनिया भर के निवेशकों के साथ लक्षित जुड़ाव सुनिश्चित होगा।

उत्तराखंड का रजत जयंती वर्ष

भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड अपने रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में इसकी मेजबानी की जा रही है और 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड के आठ जिलों के 11 शहरों में इसका आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय खेलों में 36 राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश हिस्सा लेंगे। 17 दिनों तक चलने वाले इस खेल में 35 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 33 खेलों में पदक दिए जाएंगे, जबकि दो खेल प्रदर्शनी खेल होंगे। योग और मल्लखंब को पहली बार राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है। इस आयोजन में देशभर से 10,000 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय खेलों का विषय ग्रीन गेम्स (हरित खेल) है। आयोजन स्थल के पास स्पोर्ट्स फॉरेस्ट नामक एक विशेष पार्क विकसित किया जाएगा, जहां एथलीटों और मेहमानों द्वारा 10,000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। एथलीटों को दिए जाने वाले पदक और प्रमाण पत्र पर्यावरण के अनुकूल और बायोडिग्रेडेबल सामग्रियों से बनाए जाएंगे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!