पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन - Shaurya Mail

Breaking News
चारधाम यात्रा मार्गों पर मानसून से पहले करें भूस्खलन का ट्रीटमेंट : मुख्य सचिवअनुरोध के आधार पर होंगे शिक्षकों के स्थानांतरण, शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देशजिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत मिशन वात्सल्य योजना की जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (डीसीडब्ल्यूपीसी) की समीक्षा बैठक आयोजित कीअब बस से स्कूल आएंगे अपने आधुनिक इंटेसिव केयर संेटर के बच्चे; एक बस व इंटेंसिव केयर सेंटर में नव निर्मित डॉरमेट्री का डीएम ने किया उद्घाटनजल स्रोतों के पुनर्जीवन पर फोकस, सीडीओ ने दिए समन्वित कार्ययोजना के निर्देश

पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन

 पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 01 नवंबर 2024

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार को पुलिस भर्ती में तत्काल आयु सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के उपाध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि बेरोजगार लंबे समय से पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रदेश के हजारों बेरोजगार कई बार उत्तराखंड बेरोजगार संघ के नेतृत्व में सचिवालय कूच एवं मुख्यमंत्री आवास कूच कर चुके हैं। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के पदाधिकारी भूख हड़ताल एवं टंकी पर चढ़ने जैसे कदम भी उठा चुके हैं लेकिन बार-बार पुलिस मुख्यालय, शासन-प्रशासन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर आश्वासन मिलने के बावजूद पुलिस मुख्यालय की सुस्ती, शासन-प्रशासन का बेरोजगारों के प्रति अतिउदासीन रवैये से प्रदेश के लाखों बेरोजगार पुलिस भर्ती में आयु सीमा न बढ़ाए जाने से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रवक्ता सुरेश सिंह ने कहा कि दीपावली के शुभ मौके पर पुलिस मुख्यालय, शासन- प्रशासन एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के बेरोजगारों को निराशा एवं हताशा का उपहार देकर प्रकाशमयी पर्व को अंधकारमय कर दिया है जिससे प्रदेश के बेरोजगारों में भारी आक्रोश है। ऐसे में शासन-प्रशासन को अतिसंवेदनशीलता प्रदर्शित करते हुए तत्काल प्रदेश के बेरोजगारों के हित में ‘राज्य स्थापना दिवस’ तक सकारात्मक निर्णय लेते हुए गतिमान पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ा देनी चाहिए। अन्यथा प्रदेश के बेरोजगार प्रदेशव्यापी आंदोलन एवं कुछ आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस मुख्यालय, शासन-प्रशासन एवं स्वयं मुख्यमंत्री की होगी।

पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बेरोजगारों को आश्वस्त किया कि वह तत्काल शासन को उत्तर प्रदेश एवं हिमाचल की तर्ज पर आयु सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव भेज रहे हैं जिस पर शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है। इस मौके पर उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश सिंह, सचिन पुरोहित, सचिन तोमर भी मौजूद थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!