प्रधानमंत्री के चुनावी दौरे से पहले कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, मांगा जवाब - Shaurya Mail

Breaking News

प्रधानमंत्री के चुनावी दौरे से पहले कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, मांगा जवाब

 प्रधानमंत्री के चुनावी दौरे से पहले कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, मांगा जवाब

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 10 अप्रैल 2024

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड से लगाव होने व उत्तराखंड के लिए कनेक्टिविटी, रोजगार, आपदा प्रबंधन के लिए किए गए दावों को खोखला एवं झूठ का पिटारा करार देते हुए कहा कि वे 11 अप्रैल को रैली में उत्तराखंड की जनता के चंद सवालों का जवाब अवश्य दें।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बुधवार को पत्रकार वार्ता में एआईसीसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड की जनता को जवाब देना चाहिए कि जब वे शक्ति वंदन की बात करते हैं तो उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या के पीछे जो वीवीआईपी था उसका पता क्यों नहीं बताया गया आज तक ? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सेना के सम्मान की बात करते हैं किंतु उनकी पार्टी की केंद्र सरकार पहले तो अग्निपथ जैसी विनाशकारी स्कीम लाकर सेना को कमजोर करती है और सेना में जाकर देश सेवा करने की अभिलाषा रखने वाले युवाओं के साथ छल किया जाता है, जिसका सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव उत्तराखंड में पड़ा है। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता जनरल वीके सिंह के कार्यक्रम में अपनी बात कहने गए पूर्व सैनिकों के साथ मारपीट, गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करते हैं। इस पर प्रधानमंत्री जी का क्या कहना है ?

धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में हुए भर्ती घोटाले में मुख्य आरोपित भाजपा के दो नेता हाकम सिंह और संजय धारीवाल को भाजपा के किन नेताओं का संरक्षण था इसका वे खुलासा करें। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा में निर्माणाधीन टनल बनाने वाली कंपनी नवयुग ने प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी के एस्केप टनल बनाने के निर्णय की अवहेलना की, जिसके कारण 17 दिनों तक 41 श्रमिकों की जान आफत में फंसी रही। उसके विरुद्ध आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि इस कंपनी ने इलेक्ट्रोल बांड खरीदकर भाजपा को मोटा चंदा दिया। धस्माना ने कहा कि प्रधानमंत्री को इन सभी सवालों के जवाब देने चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि अब उत्तराखंड समेत देश का कोई मतदाता मोदी की गारंटी पर विश्वास नहीं करता। उत्तराखंड के मतदाता इस बार परिवर्तन के लिए वोट करेंगे।

पत्रकार वार्ता में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ कैप्टन बलबीर सिंह रावत, प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, कर्नल राम रत्न नेगी, कर्नल मूहन सिंह रावत, गोपाल सिंह गाड़िया आदि थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!