यूकेआईएचडीपी के लिए ऑपरेशन मेन्युअल पर मुख्य सचिव का अनुमोदन
उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 08 मार्च 2024
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में जाइका के वित्तीय सहयोग से संचालित उत्तराखंड इंटीग्रेटेड हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (यूकेआईएचडीपी) की तीसरी हाई पावर कमेटी व स्टियरिंग कमेटी की बैठक हुई।
मुख्य सचिव ने यूकेआईएचडीपी के क्रियान्वयन के लिए ऑपरेशन मेन्युअल को अनुमोदन दिया। साथ ही प्रोजेक्ट के तहत स्थापित किए जा रहे दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यथा यूरोपियन वेजिटेबल, ऑफ सीजन वेजिटेबल एवं कीवी क्रॉप, सेब व अखरोट उत्पादन तथा अन्य योजनाओं को हाउस ऑफ हिमालय, एनआरएलएम, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए।
एफपीओ में बढ़ाएं महिलाओं की भागीदारी
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी योजनाओं का कंवर्जेंस आवश्यक है। मुख्य सचिव ने एफपीओ में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में वर्चुअल माध्यम से जाइका के पदाधिकारी उपस्थित थे।
526 करोड़ रुपये के यूकेआईएचडीपी से आच्छादित होंगे ये जिले
जाइका के वित्तीय सहयोग से संचालित 526 करोड़ रुपये के उत्तराखंड इंटीग्रेटेड हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट प्रदेश के नैनीताल, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी तथा टिहरी जनपद में संचालित किया जाएगा। इसके तहत चिन्हित फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा उत्पादन वृद्धि, सप्लाई चेन के विकास व प्रोजेक्ट मैनेजमेंट पर कार्य किया जाएगा। प्रोजेक्ट की अवधि वर्ष 2022-23 से 2029-30 तक है।