राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रही है: राज्यपाल - Shaurya Mail

Breaking News

राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रही है: राज्यपाल

 राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रही है: राज्यपाल

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 26 जनवरी 2024

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रदेशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के साथ-साथ गणतंत्र का भी यह अमृत महोत्सव है। मातृशक्ति, युवा शक्ति के साथ-साथ पूर्व सैनिकों की अहम भागीदारी से उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जा सकता है। राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रही है।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने जारी अपने संदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारतीय संविधान के प्रणेता बाबा साहेब आंबेडकर सहित सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं का भावपूर्ण स्मरण किया। इसके साथ ही देश की सुरक्षा में तैनात सैन्य बलों और सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को सैल्यूट करते हुए देश की रक्षा में शहीद हुए वीर जवानों को नमन किया।

राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लिए विशेष है। हमने अपने गणतंत्र की स्थापना के 74 वर्ष पूर्ण करते हुए 75वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। गणतंत्र के अमृत काल का यह कालखण्ड नए सपने, नए संकल्प और नित्य-नूतन सिद्धियों का समय है। यह गणतंत्र दिवस इसलिए भी विशेष है क्योंकि 500 सालों के लंबे इंतजार के बाद 22 जनवरी को वह शुभ घड़ी आई, जब श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है।

राज्यपाल ने कहा कि हमारा प्रदेश आज हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। युवाओं के लिए रोजगार हो या किसान, मातृशक्ति के लिए चल रही योजनाओं से यह स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार राज्य के हर वर्ग के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को इस दशक में देश का विकसित और अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम सबको संकल्प, सिद्धि और सामर्थ्य के साथ अपना योगदान करना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि देश के विकास के साथ युवा उत्तराखंड भी प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। हमने गत 23 वर्षों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, किन्तु सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने के लिए अभी हमें लंबा सफर तय करना है। साल 2024 में हम सभी का समर्पण भाव, इच्छाशक्ति और कार्यशैली हमारे प्रदेश की दशा और दिशा तय करने वाली है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने बीते साल में विभिन्न क्षेत्रों में कई उपलब्धियां हासिल की। इसका नतीजा है कि 2025 में विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल होता नजर आने लगा है। प्रदेश की मातृशक्ति, युवा, सैनिक और किसानों को केन्द्र में रखकर कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से राज्य के विकास में अभूतपूर्व तेजी आई है।

राज्यपाल ने कहा कि इन्वेस्टर समिट की स्वर्णिम सफलता से प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की राह आसान हो गई है। लभगभ 50 हजार करोड़ के प्रस्तावों की ग्राउंडिंग भी हो गई है। देहरादून में आयोजित विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन समूची दुनिया का ध्यान हिमालय की ओर आकर्षित करने में सफल रहा।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। राज्य सेवाओं में महिलाओं को सीधी भर्ती में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने की व्यवस्था की है। लखपति दीदी योजना से 1.25 लाख महिलाओं को 2025 तक लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन हमारे प्रदेश की आर्थिकी का बड़ा जरिया है। चारधाम में रिकार्ड श्रद्धालुओं का आना राज्य के लिए सुखद संदेश है। केदारखंड की तरह ही प्रदेश में एक और धार्मिक सर्किट मानसखंड मंदिर माला मिशन पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदि कैलाश और जागेश्वर धाम भ्रमण से मानसखंड क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है। प्रदेश में पांचवें धाम सैन्य धाम का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा। प्रदेश में रेलवे-रोपवे, रोडवे एवं एयर कनेक्टिविटी की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है।

राज्यपाल ने कहा कि केन्द्र के सहयोग से राज्य में अनेक योजनाओं पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है। देहरादून और मसूरी में विश्व स्तरीय ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए केंद्र से 1750 करोड़ की परियोजना स्वीकृत हुई है। प्रदेश में कई राजमार्गों के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण पर तेजी से कार्य चल रहा है। गांव में महिलाओं को घर, शौचालय, गैस, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। सीमावर्ती गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए शुरू की गई वाइब्रेंट विलेज योजना में प्रदेश के 51 गांव शामिल है। मैंने स्वयं इन गांवों में जाकर विकास कार्यों को बेहद करीब से देखा।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!