विकसित भारत की तस्वीर है अटल सेतु : प्रधानमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

विकसित भारत की तस्वीर है अटल सेतु : प्रधानमंत्री

 विकसित भारत की तस्वीर है अटल सेतु : प्रधानमंत्री

नई दिल्ली,शुक्रवार 12 जनवरी 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु को भारत की ढांचागत शक्ति का उदाहरण बताया और कहा कि यह विकसित भारत की तस्वीर है। यह एक झलक है कि विकसित भारत कैसा होगा।

प्रधानमंत्री ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को पूरा करने के प्रयासों के लिए जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं जापान सरकार को धन्यवाद देता हूं और दिवंगत शिंजो आबे को याद करता हूं। हम दोनों ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक परियोजना को पूरा करने की कसम खाई थी।”

उल्लेखनीय है कि लगभग 17,840 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा और 6-लेन वाला है जो 16.5 किमी लंबा समुद्र के ऊपर और लगभग 5.5 किमी जमीन पर बना है। यह भारत का सबसे लंबा पुल है, जो देश का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने नवी मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने अपने सपनों को हकीकत में बदलते देखा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन मुंबई और महाराष्ट्र के साथ-साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प के लिए भी एक ऐतिहासिक दिन है। आज देश को दुनिया के सबसे लंबे समुद्री पुलों में से एक अटल सेतु मिला है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में 24 दिसंबर को इस सेतु का शिलान्यास किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को उस सिस्टम से कोई उम्मीद नहीं थी, जिसमें काम को सालों तक लटकाने की आदत थी। लोगों को लगता था कि उनके जीवित रहते बड़ी परियोजनाओं का पूरा होना मुश्किल है। इसलिए मैंने भरोसा दिलाया था कि देश बदलेगा। यह उस समय ‘मोदी गारंटी’ थी। उन्होंने आगे कहा कि हमारे लिए शिलान्यास, भूमिपूजन, उद्घाटन, लोकार्पण सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम भर नहीं होता और ना ही मीडिया में आने के लिए और जनता को रिझाने के लिए होता है। हमारे लिए हर प्रोजेक्ट देश के नवनिर्माण का माध्यम है।

मोदी ने कहा, “अटल सेतु, विकसित भारत की तस्वीर है। विकसित भारत कैसा होने वाला है, उसकी एक झलक है। विकसित भारत में सबके लिए सुविधा होगी, सबकी समृद्धि होगी, गति होगी, प्रगति होगी, दूरियां सिमटेंगी और देश का कोना-कोना जुड़ेगा। जीवन हो या आजीविका, सब कुछ निरंतर, बिना रुकावट के चलेगा। यही तो अटल सेतु का संदेश है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले हजारों करोड़ के महाघोटालों की चर्चा होती थी और आज हजारों करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना हो, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा हो, जन धन खाते हों, पीएम आवास के पक्के घर हों, घरों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम हो, गर्भवती महिलाओं के बैंक खाते में 6 हजार रुपये भेजना हो, नौकरी करने वाली महिलाओं को वेतन के साथ 26 हफ्ते की छुट्टी देना हो, सुकन्या समृद्धि खातों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा ब्याज देना हो, हमारी सरकार ने महिलाओं का खास ध्यान रखा है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!