आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए समर्पित सिस्टम करें तैयारः डीएम - Shaurya Mail

Breaking News

आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए समर्पित सिस्टम करें तैयारः डीएम

 आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए समर्पित सिस्टम करें तैयारः डीएम

उत्तराखंड(गोपेश्वर),शुक्रवार 22 दिसंबर 2023

चमोली जिले में आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें पिछले यात्रा अनुभवों और मौजूदा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई और यात्रा सिस्टम को सशक्त बनाने के लिए सभी के सुझाव भी लिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विगत चारधाम यात्रा में देश दुनियां से रिकार्ड भक्त बदरीनाथ और हेमकुंड धाम पहुंचे। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में चारधाम यात्रा को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाया जाना बेहद आवश्यक है। जिसके लिए अभी से तैयारी की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बदीरनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर आने-जाने वाले क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों का नवनिर्माण किया जाए। मास्टर प्लान निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत के लिए शीघ्र प्लान तैयार करने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए स्वच्छ पेयजल के लिए पर्याप्त संख्या में वाटर एटीएम लगाने के निर्देश जल संस्थान को दिए। विद्युत विभाग को बदरीनाथ में विद्युत पोलों की शिफ्टिंग कार्य पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट, नए पार्किंग स्थलों के चयन, आवास एवं यात्रियों की सुविधा के लिए साइनेज के साथ संचार व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। आईएनआई डिजाइन से समन्वय करते हुए मंदिर के पास सीसीटीवी कक्ष तैयार किया जाए। यात्री पंजीकरण, टोकन काउंटर, इको शुक्ल के लिए पाण्डुकेश्वर में व्यवस्था की जाए और गौचर में संचालित काउंटरों पर वाई-फाई, विद्युत, शौचालय व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग को बदरीनाथ तथा हेमकुंड यात्रा मार्ग पर बेसिक मेडिकल उपकरणों सहित चिकित्सकों की तैनाती के लिए अभी से प्लान तैयार करने को कहा।

जिलाधिकारी ने एचआईडीसीएल, बीआरओ तथा लोनिवि के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा मार्ग पर संचालित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करें। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में ट्रीटमेंट के साथ सड़क डामरीकरण का कार्य किया जाए। एसडीएम, पुलिस एवं परिवहन अधिकारी यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करते हुए संवेदनशील स्थलों को ठीक कराना सुनिश्चित करें। सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत यात्रा पढ़ाव एवं यात्रा मार्गों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ शौचालयों की मरम्मत, रंगरोगन कार्यों को शीघ्र शुरू करें। साथ ही अन्य कई व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!