विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान को मिशन मोड में लें अधिकारी : मुख्यमंत्री - Shaurya Mail

Breaking News

विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान को मिशन मोड में लें अधिकारी : मुख्यमंत्री

 विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान को मिशन मोड में लें अधिकारी : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 13 दिसम्बर 2023

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान को राज्य में सफल संचालन के लिए अधिकारी मिशन मोड में लें। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।

मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल बैठक में जुड़े अधिकारियों को यह निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद स्तर पर एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए और उनसे प्रतिदिन की रिपोर्ट भी ली जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप विकसित भारत संकल्प यात्रा उन लोगों तक पहुंचने का बड़ा माध्यम बन गई है जो अब तक सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ पाये थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन कल्याण से जुड़ी योजनाओं की आम जनता तक पहुंच बनाने के लिए हमें स्कूली बच्चों से लेकर बजुर्गों तक सभी को सहयोगी बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा ध्येय है कि लोगों को उनके घरों पर ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें। जन सुविधाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से ऑनलाइन सिस्टम को प्रभावी बनाया गया है। आम जनता को जन कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी होने पर वे सभी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ग्राम पंचायतों में प्रचार वाहन भेजने से पूर्व इसकी सूचना स्थानीय लोगों तक पहुंचे। केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी मौके पर लोगों को लाभ मिले, इसके लिए शिविरों का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि सांसदगणों, विधायकगणों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए ताकि उनका भी मार्गदर्शन और सहयोग इसमें मिल सके।

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 2024 तक आयोजित हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी सचिव भी दो-दो दिन जनपदों में जाएं। सभी सचिव इस आयोजन के संबंध में अपने विभागों की नियमित समीक्षा भी करें। उन्होंने कहा कि जिला और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी विकास संकल्प यात्रा के दौरान निरन्तर फील्ड में रहें और सरकार की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करें। राज्य के सीमान्त क्षेत्रों में भी इस आयोजन को और प्रभावी बनाया जाए। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। आजादी के अमृत महोत्सव में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल फैनेई, सचिव शैलेश बगोली, राधिका झा,अरविन्द सिंह ह्यांकी, दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, आनन्द स्वरूप, वर्चुअल माध्यम से अपर सचिव भारत सरकार राकेश वर्मा, सभी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं भाजपा संगठन से प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री भाजपा आदित्य कोठारी और विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रदेश सह संयोजक सौरभ थपलियाल उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!