श्री अन्न महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो : मंत्री गणेश जोशी
रुद्रपुर/पंतनगर, 21 सितंबर। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आगामी माह में आयोजित हल्द्वानी में दो दिवसीय श्री अन्न महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस महोत्सव में गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
बुधवार को जीबी पंत यूनिवर्सिटी के नाहेप सभागार में मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अन्न महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधियों को दिए। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने बताया कि श्री अन्न महोत्सव आगामी 07-08 अक्टूबर को हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। जिसमें गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मिलेट्स प्रदेशों के कृषि मंत्री कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मिलेट्स के प्रोत्साहन और विपणन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में उत्तराखण्ड के मोटे अनाज (मिलेट) से सम्बन्धित उत्पादों की प्रदर्शनी, उत्तराखण्ड के प्रमुख समूहों की ओर से मिलेट उत्पाद व अन्य उत्पादों का प्रदर्शन, स्टार्टअप के द्वारा उत्पादों का प्रर्दशन, प्रदेश के प्रमुख होटलों द्वारा फूड फेस्टिवल एवं प्रदेश के प्रमुख लोक-कलाकारों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की झांकियां रहेंगी। श्री अन्न महोत्सव में मिलेट से संबंधित स्टॉल लगाये जायेंगे। महोत्सव में बड़ी संख्या में कृषक शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त महोत्सव में तकनीकी सत्र इंडियन इन्स्टीट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च द्वारा प्रस्तुतिकरण सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट किसानों भी सम्मानित भी किया जाएगा।