सांसद निधि का प्रयोग समय पर कर रहे हैं सांसद : महेन्द्र भट्ट
देहरादून, भाजपा प्रदेश महेन्द्र भट्ट ने सांसद निधि के समय से न खर्च करने के प्रश्न पर मीडिया और विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। उनका कहना है कि यह सत्य नहीं है। भाजपा सांसद अपनी सांसद निधि का समयानुरूप उपयोग कर रहे हैं।
इस बाबत जब मीडिया ने उनसे बातचीत में कहा कि विकास कार्यों के लिए सांसद निधि का सही समय पर प्रयोग नहीं करने से काफी धनराशि लैप्स हो जाती है। इसको लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सांसद निधि के समय पर खर्च करने को लेकर सभी सांसद काफी संवेदनशील हैं। क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार सकारात्मक प्रयास किया जा रहे हैं। उत्तराखंड में इस समय सभी 5 लोकसभा सीट पर भाजपा के सांसद हैं। साथ ही साथ राज्यसभा की तीनों सीटों पर भी भजपा के ही राज्यसभा सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में सांसद निधि का समय पर सही तरीके से प्रयोग हो,इसको लेकर सांसदों की ओर से सकारात्मक कार्यवाही की बात कही जा रही है, लेकिन विपक्ष बार-बार यह आरोप लगा रहा है कि सांसद निधि का समय पर खर्च न होना अपने आप में एक बड़ा सवाल है और क्षेत्र की विकास के लिए सांसद उतने संवेदनशील नहीं है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर कांग्रेस का बार-बार प्रदेश सरकार पर किए जा रहे हमलों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास राजनीति करने का और कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस मुद्दे को लेकर बार-बार आंदोलन कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने एक बार फिर कहा कि घटना की जानकारी होने के बाद प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों की 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परिजनों के साथ हमेशा खड़े रहे और उनकी हर संभव मदद सरकार ने की है। ऐसे में बार-बार इस प्रकरण को उठाने का कोई औचित्य नहीं है।