विस मानसून सत्र शुरू, स्व.चंदन रामदास को दी श्रद्धांजलि, धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक - Shaurya Mail

Breaking News

विस मानसून सत्र शुरू, स्व.चंदन रामदास को दी श्रद्धांजलि, धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक

 विस मानसून सत्र शुरू, स्व.चंदन रामदास को दी श्रद्धांजलि, धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक

उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज मंगलवार से शुरू हो गया है। पहले दिन सीएम धामी समेत सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, सुबह सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के विधायक जोशीमठ आपदा को लेकर विधानसभा की सीढ़िया पर धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस विधायक लोहाघाट खुशहाल सिंह अधिकारी व ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर भी प्रदर्शन में पहुंचे। कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट सुमित ह्रदयेश, विधायक धारचूला हरीश धामी, विधायक मनोज तिवारी, विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद, विधायक ममता राकेश और विधायक जसपुर आदेश सिंह चौहान भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

उधर, सत्र के दूसरे दिन हंगामा होने के आसार हैं। सत्ता पक्ष को सदन के भीतर और बाहर आपदा, अतिक्रमण, लोकायुक्त समेत कई अन्य मुद्दों पर विपक्ष के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ सकता है।

बुधवार को पेश होगा अनुपूरक बजट

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सभी दलों से सदन को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने में सहयोग के अपील की है। बुधवार को वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सदन पटल पर अनुपूरक बजट पेश करेंगे।

आज नहीं होगा प्रश्नकाल

सदन में सरकार से पूछने के लिए सभी सदस्यों ने कमर कस ली है। विस सचिवालय को विधायकों के 614 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। पहले दिन निधन पर शोक के चलते प्रश्नकाल नहीं हो पाएगा। लेकिन अगले दिन अपने और विरोधियों के प्रश्न सरकार के मंत्रियों के होमवर्क परीक्षा ले सकते हैं।

राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण समेत अन्य विधेयक होंगे पेश

प्रदेश सरकार की ओर से बुधवार को अनुपूरक बजट पेश करने के साथ ही राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण समेत अन्य विधेयक, वित्त विभाग की वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट, लेखा प्रत्यावेदन रिपोर्ट को सदन में पेश किया जाएगा। छह सितंबर को प्रश्न काल होगा। सात सितंबर को जन्माष्टमी पर सार्वजनिक अवकाश है। आठ सितंबर को चर्चा के बाद अनुपूरक बजट पारित किया जाएगा। आगे के सदन की कार्यवाही के लिए छह सितंबर को कार्यमंत्रणा की बैठक होगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!