दिल्ली में तेज बारिश के बीच खतरे के निशान के ऊपर यमुना, तेजी से इन इलाकों में भर सकता है पानी, अलर्ट जारी - Shaurya Mail

Breaking News

दिल्ली में तेज बारिश के बीच खतरे के निशान के ऊपर यमुना, तेजी से इन इलाकों में भर सकता है पानी, अलर्ट जारी

दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश जारी है। इसकी कारण यमुना नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर जा पहुंचा है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार हाई अलर्ट पर है और अगर जल स्तर 206 मीटर से अधिक हो गया तो वह यमुना नदी के किनारे से निकासी शुरू कर देगी। आज दोपहर, दिल्ली में यमुना चेतावनी के निशान 204.5 मीटर को पार कर गई क्योंकि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से नदी में अधिक पानी छोड़ा।

खतरे के निशान के ऊपर यमुना

पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी में जल स्तर 205.40 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरनाक स्तर से ऊपर है। हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। साथ ही सोमवार दोपहर 1 बजे उसी बैराज से 1,90,837 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। दिल्ली सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों और यमुना के जलस्तर की निगरानी के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष सहित 16 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। इससे पहले दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार अलर्ट मोड में है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

153 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 153 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। दिल्ली में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 107 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण शहर के कई पार्कों, बाजारों आदि में जलभराव हो गया और सड़कों पर भारी जाम लग गया। दिल्ली सरकार ने मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को सभी स्कूलों के बंद रहने की घोषणा की थी और सरकारी अधिकारियों की रविवार की छुट्टी रद्द करते हुए उन्हें ड्यूटी पर रहने का निर्देश दिया था।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!