Stock Market Today: बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर
ग्लोबल बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरूआत कमजोर हुई और बाजार गिरावट के साथ खुले। आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स में लाल निशान में दिख रही है। सेंसेक्स में करीब 156 अंकों की गिरावट है। सेंसेक्स 156.79 अंक यानी 0.25 फीसदी फिसलकर 63,011.51 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 67.45 अंक की गिरवाट के साथ 18,688 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। HDFCLIFE, SBILIFE, POWERGRID, TECHM, DRREDDY के शेयर हरें रंग में यानी बढ़त में है, वहीं BJAFINANCE, M&M, BAJAJFINSV, HINDUNILVR, ASIANPAINT के शेयर लाल रंग में यानी कमजोर दिखाई पड़ रहे हैं। आज के कारोबार में ज्यादातर सेक्टर पर दबाव देखने को मिल रहा है. निफ्टी पर आईटी, मेटल, फार्मा इंडेक्स हरे निशान में हैं. वहीं बैंक, फाइनेंशियल, आटो, एफएमसीजी और रियल्टी इंडेक्स लाल निशान में हैं। उतार चढ़ाव भरे बाजार में आज यानी 20 जुन 2023 कुछ शेयर एक्शन दिखाने को तैयार हैं। ये शेयर आज बाजार में फोकस में रह सकते हैं। अगर इंट्राडे में बेहतर शेयरों की तलाश है तो इन पर नजर रख सकते हैं।
Coal India
सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया में अपनी 0.15 फीसदी हिस्सेदारी यानी 92.44 लाख शेयर अपने कर्मचारियों को 226.10 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगी. कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने बताया कि कर्मचारियों के लिए लाई गई खुली बिक्री पेशकश (ओएफएस) 21 जून से 23 जून तक खुली रहेगी. शेयर बिक्री पेशकश के तहत सीआईएल के 92,44,092 इक्विटी शेयर कंपनी के पात्र कर्मचारियों को 226.10 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे जाएंगे।
Maruti Suzuki
मारुति सुजुकी इंडिया ने आगामी प्रीमियम यूटिलिटी वाहन इनविक्टो की बुकिंग शुरू कर दी है. मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने शेयर बाजार को बताया कि 5 जुलाई को पेश होने वाले इस वाहन की बुकिंग 25,000 रुपये के भुगतान के साथ कराई जा सकती है. यह बुकिंग कंपनी के प्रीमियम रिटेल आउटलेट ‘नेक्सा शोरूम’ से या ऑनलाइन कराई जा सकती है. इनविक्टो के साथ कंपनी प्रीमियम थ्री-रो सेग्मेंट में प्रवेश करेगी।
Tata Power
बिजली उत्पादक कंपनी टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपना पूंजीगत व्यय दोगुना कर 12,000 करोड़ रुपये करने की मंशा जताई है. कंपनी का इरादा अक्षय ऊर्जा, वितरण, पारेषण और सौर उपकरण विनिर्माण क्षमता पर ध्यान केंद्रित करने का है. टाटा पावर के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा कि ग्रोथ के लक्ष्य को पाने के लिए आपकी कंपनी की योजना चालू वित्त वर्ष में 12,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की है।
Adani Transmission
कंपनी को योग्य संस्थागत प्लेसमेंट के आधार पर इक्विटी शेयर जारी करके 8,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मिली। कंपनी ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के रास्तों का मूल्यांकन करेगी। ऐसे में कंपनी के शेयर में हलचल की संभावना है।
Interglobe Aviation (Indigo)
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने किफायती सेवाएं देने वाली एयरलाइन इंडिगो को अगस्त से नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन की अनुमति दे दी है. इंडिगो ने नई दिल्ली से जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी के लिए उड़ान शुरू करने की अनुमति मांगी है. अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की दिल्ली-त्बिलिसी उड़ान 7 अगस्त से शुरू होगी।