’31 मई तक सरकारी जमीन खाली करें या कार्रवाई का सामना करें’- CM मान ने अतिक्रमणकारियों को दिया अल्टीमेटम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा हटाने को लेकर एक्शन में हैं। इसके लिए उन्होंने शुक्रवार को अतिक्रमणकारियों को एक अल्टीमेटम दे दिया। मान ने साफ तौर पर कहा है कि 31 मई तक जमीन खाली करें या कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आवासीय क्षेत्रों में अतिक्रमित भूमि पर रहने वाले लोगों को चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि अभियान के दौरान उन्हें विस्थापित नहीं किया जाएगा। इससे पहले राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अधिकारियों को 10 जून तक सरकारी पंचायत भूमि से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।
मान ने एक बयान में कहा कि राज्य सरकार भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार सरकारों के कार्यकाल के दौरान, समृद्ध लोगों ने मानदंडों का उल्लंघन करके अवैध रूप से बहुमूल्य सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया था, जो अनुचित और अवांछनीय है। मान ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद से ही उनकी सरकार ने अवैध अतिक्रमणों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व और संतोष की बात है कि राज्य सरकार ने अब तक 9000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गति आगे भी जारी रहेगी और अवैध कब्जे वाली एक-एक इंच सरकारी जमीन को हर हाल में खाली कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक जून से व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापक जनहित में शुरू किए गए इस अभियान के दौरान किसी को भी, चाहे वह कितना ही संपन्न क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।