'जनता कांग्रेस को वोट देना चाहती है, लेकिन संगठन की कमजोरी से ऐसा नहीं कर पाती', पार्टी को दिग्विजय सिंह की खरी-खरी - Shaurya Mail

Breaking News

‘जनता कांग्रेस को वोट देना चाहती है, लेकिन संगठन की कमजोरी से ऐसा नहीं कर पाती’, पार्टी को दिग्विजय सिंह की खरी-खरी

 ‘जनता कांग्रेस को वोट देना चाहती है, लेकिन संगठन की कमजोरी से ऐसा नहीं कर पाती’, पार्टी को दिग्विजय सिंह की खरी-खरी

इस साल के आखिर में मध्यप्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच यहां मुख्य मुकाबला होता है। दोनों पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। इन सबके बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी को आइना दिखा दिया है। दिग्विजय सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का संगठन कमजोर है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कह दिया कि पोलिंग के दिन भी कांग्रेस का इलेक्शन मैनेजमेंट कमजोर रहता है। दरअसल, मध्यप्रदेश के सीहोर में दिग्विजय सिंह पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि कांग्रेस का संगठन कमजोर रहता है।

कांग्रेस नेता ने साफ तौर पर कहा कि हमारी पार्टी का जैसा संगठन होना चाहिए, वैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव वाले दिन भी पोलिंग मैनेजमेंट में भारी कमी रहती है, जिस तरह की तैयारी पहले से होनी चाहिए वैसी नहीं होती है। इसके साथ ही दिग्विजय ने यह भी कह दिया कि जनता तो हमें वोट देना चाहती हैं लेकिन हमारा संगठन ही कमजोर है। दिग्विजय सिंह ने अपने वक्तव्य में यह नहीं बताया कि पार्टी का संगठन के आधार पर उन्हें कमजोर नजर आता है। दिग्विजय ने पार्टी के पूर्व नेताओं – गुलाम नबी आजाद और ज्योतिरादित्य सिंधिया- पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पर हमला करना दोनों के लिए शर्मनाक होना चाहिए क्योंकि पार्टी ने उन्हें सब कुछ दिया जब वे संगठन में थे।

सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के इस बयान से सहमत हैं कि जब गुलाम नबी आजाद कांग्रेस में थे, तो वह पूरी तरह आजाद थे,लेकिन अब पुरानी पार्टी को छोड़कर वह गुलाम बन गए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या भारतीय जनता पार्टी इन नेताओं का इस्तेमाल कांग्रेस पर हमला करने के लिए कर रही है, सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने आज़ाद और सिंधिया को सब कुछ दिया। दोनों को कांग्रेस पर हमला करने के लिए ही कहा गया है। क्या यह दोनों के लिए शर्मनाक नहीं है।’’

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!