बीजेपी सांसद गिरीश बापट के निधन , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक - Shaurya Mail

Breaking News

बीजेपी सांसद गिरीश बापट के निधन , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक

 बीजेपी सांसद गिरीश बापट के निधन , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक

पुणे से लोकसभा के सदस्य गिरीश बापट का बुधवार को निधन हो गया। गंभीर बीमारी की वजह से गिरीश बापट का दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे। 72 वर्ष गिरीश बापट पिछले डेढ़ साल से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था। बापट का अंतिम संस्कार बुधवार शाम को वैकुंठ श्मशान घाट में किया जाएगा। वह कस्बा पेठ विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। वह 2019 में पुणे से सांसद बने थे। गिरीश बापट के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के विकास के लिए बड़े पैमाने पर काम किया और पुणे के विकास के लिए विशेष रूप से भावुक थे। उनका निधन दुखद है।

अपने ट्वीट में मोदी ने लिखा कि श्री गिरीश बापट जी एक विनम्र और मेहनती नेता थे जिन्होंने लगन से समाज की सेवा की। उन्होंने महाराष्ट्र के विकास के लिए बड़े पैमाने पर काम किया और पुणे के विकास के लिए विशेष रूप से भावुक थे। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। उन्होंने आगे लिखा कि श्री गिरीश बापट जी ने महाराष्ट्र में भाजपा को बनाने और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह एक सुलभ विधायक थे जिन्होंने जन कल्याण के मुद्दों को उठाया। उन्होंने एक प्रभावी मंत्री और बाद में पुणे के सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनका अच्छा काम कई लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व पुणे से सांसद गिरीश बापट जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। आपका संपूर्ण जीवन जनसेवा व संगठन के लिए समर्पित रहा। दुःख की इस घड़ी में भाजपा परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति! अमित शाह ने ट्वीट में लिखा कि पुणे के सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरीश बापट जी का निधन भाजपा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बापट जी अपनी अंतिम साँस तक देश और संगठन के हित के प्रति समर्पित रहे। दुःख की इस घड़ी में पूरा संगठन उनके परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।ॐ शांति।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र में कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि बापट उनके लिए गुरु और पिता तुल्य थे। पाटिल ने कहा कि बापट कई भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उनके साथी नेताओं के लिए गुरु की तरह थे। उन्होंने कहा, ‘‘यह जीवन से किसी पिता तुल्य व्यक्ति के चले जाने जैसा है। पार्टी लाइन से परे उनकी दोस्ती और लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनके संबंध उन्हें सबसे अलग बनाते थे। वह पार्टी और उसके विकास के लिए समर्पित थे। उनका निधन पार्टी के लिए बड़ा नुकसान है।’’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि बापट के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शरद पवार ने ट्वीट किया, ‘‘बापट ने अपने चार दशक पुराने राजनीतिक करियर में हमेशा सर्व-समावेशी दृष्टिकोण अपनाया।’’ नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने कहा कि पुणे जिले ने एक ऐसा नेता खो दिया जो सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखता था।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!