भारत के चुनावों में इजरायली कंपनी का ‘इस्तेमाल’ हुआ, जांच कराई जाए: कांग्रेस
कांग्रेस ने एक बार फिर से बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने साफ तौर पर दावा किया है कि भारत के चुनाव में इजरायली कंपनी का इस्तेमाल हुआ है। इसके साथ ही पार्टी की ओर से इसकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई है। आज पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा और सुप्रिया श्रीनेत ने एक संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान पवन खेड़ा ने कहा भारत के लोकतंत्र को भारत की ही सत्ताधारी पार्टी द्वारा हाइजैक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को प्रभावित करने के लिए इजरायल की एजेंसी की मदद ली जा रही है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि ये हिंदुस्तान में बैठकर दूसरे देशों के साथ मिलकर भारत के लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
सुप्रिया श्रीनेत ने तीन सवाल किए। उन्होंने पहले सवाल किया कि इजराइली फर्म 30 चुनावों में हेराफेरी करती है, इनमें भारत भी शामिल है पर मोदी सरकार चुप है? दूसरा कि पेगासस पर मोदी सरकार कुछ नहीं बोली? और तीसरा था कि जो फर्जी खबरें फैलाई जाती हैं, उसमें भाजपा आईटी प्रकोष्ठ और उनके तथाकथित साझेदार का कितना हाथ है? उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। वहीं, कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि इजराइल की खुफिया कंपनी भारत के चुनावों में हेरफेर कर रही है। यह कंपनी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर दुष्प्रचार करती है। नेताओं की छवि खराब कर लोगों की राय बदलने का काम करती है। यह खुलासा ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट में हुआ है। भारत में इस कंपनी की सेवाएं कौन ले रहा है, इसकी जांच हो।
पार्टी ने एक और ट्वीट में पूछा कि देश और देशवासियों के साथ चल रही साजिश, आखिर कब खत्म होगी? एक और ट्वीट में लिखा कि इजरायल की एक एजेंसी भारत में हैकिंग और फेक न्यूज के जरिए चुनावों में हेर-फेर कर रही है। भारत में इसके तार किससे जुड़े हैं? इसकी जांच होनी चाहिए।