जेपी नड्डा बोले- आज जब फौजी सीमा पर डटे हैं तो कांग्रेस ट्वीट कर गिरा रही सैनिकों का मनोबल - Shaurya Mail

Breaking News

जेपी नड्डा बोले- आज जब फौजी सीमा पर डटे हैं तो कांग्रेस ट्वीट कर गिरा रही सैनिकों का मनोबल

 जेपी नड्डा बोले- आज जब फौजी सीमा पर डटे हैं तो कांग्रेस ट्वीट कर गिरा रही सैनिकों का मनोबल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तर प्रदेश में हैं। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में उन्होंने पूर्व सैनिकों के साथ संवाद किया। अपने संवाद के दौरान जेपी नड्डा ने परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद की भूमि को नमन करते हुए कहा कि मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मैं इस धरती पर आया। उन्होंने कहा कि आज हमारी सेना विश्व स्तर पर सबसे मजबूत में से एक है। कोई भी संकट हो, प्राकृतिक आपदा हो, या सीमाओं की सुरक्षा, आप सभी ने समर्पण के साथ देश की सेवा की है, जिसने सभी भारतीयों को सुरक्षा की भावना प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मैं इस बात से गौरवान्वित होता हूं कि भारत की फौज दुनिया की सबसे ताकतवर फौज मानी जाती है। किसी भी प्रकार के संकट में भारतीय जवानों ने अपने जीवन को तत्परता से लगाया और हमारी तथा सीमा की सुरक्षा की है।

नड्डा ने कहा कि आज फौज और सीमा की दृष्टि से बदलता भारत है। आज वह भारत नहीं है जो आपने पहले देखा होगा और आज देश की सीमा वह नहीं है जो पहले थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़े फैसले लेकर देश की सुरक्षा की है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा बदलाव जो मोदी सरकार में हुआ है। यह है कि हमारी विदेश नीति आज हमारे रक्षा बलों का समर्थन करती है। पीएम मोदी ने दुनिया को बता दिया है कि भारत न तो किसी तरह के आतंकवाद का समर्थन करता है और न ही इसे बर्दाश्त करेगा। उन्होंने दावा किया कि मोदी जी से पहले की सरकार में कोई खरीद नहीं हुई। हमारे फौजी भाई मुसीबत में पड़े रहे लेकिन कोई चिंता नहीं की गई। पनडुब्बी, हेलीकॉप्टर, फाइटर जेट और बुलेटप्रूफ जैकेट खरीद में घोटाला किया गया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद फौज को लैस किया गया।

भाजपा अद्यक्ष ने कहा कि युद्ध स्मारक वर्षों से लंबित था और हमने इसे बनाने के लिए पहले की सरकारों को नहीं रोका लेकिन उन्होंने इसके निर्माण के लिए कभी कोई कदम नहीं उठाया। आज दुनिया हमारे नायकों को याद कर रही है और पीएम मोदी की पहल पर युद्ध स्मारक बनकर तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि अभी पिछले साल तक नेवी के झंडे में सेंट जॉर्ज का क्रॉस था अब उसकी जगह पर छत्रपति शिवाजी की मुहर है। आज डिफेंस का कॉरिडोर उत्तर प्रदेश में बन रहा है। ये सिर्फ डिफेंस कॉरिडोर नहीं होगा, ये उत्तर प्रदेश का पावर हाउस होगा। उन्होंने कहा कि पुंछ में अग्रिम मोर्चे पर तैनात हमारे सैनिकों को दुश्मन की गोली का जवाब देने से पहले आदेश का इंतजार करना पड़ता था क्योंकि वह नगरोटा, अंबाला और चंडी मंदिर के तीन रिपोर्टिंग स्टेशनों को पार कर दिल्ली पहुंचती थी।

जेपी नड्डा ने साफ तौर पर कहा कि मोदी के प्रधान मंत्री बनने के बाद सैनिकों को वास्तविक समय में दुश्मन की गोलियों का जवाब देने का अधिकार प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान अलग-थलग हो चुका है क्योंकि दुनिया को समझ आ गया है कि आतंकवाद की जननी कहां है। साथ ही दुनिया ये भी समझ चुकी है कि भारत ने किस तरह से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि जब फौजी ताकतवर बनता है तब देश ताकतवर बनता है और देश की सुरक्षा होती है। उन्होंने सवाल किया कि कौन प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमा पर जवानों के साथ दिवाली मनाई? ये संदेश है कि सीमा पर देश के जवान अकेले नहीं हैं, देश का प्रधानमंत्री और 130 करोड़ जनता आपके साथ खड़ी है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!