लोक भवन व मुख्यमंत्री आवास के मधुमक्खी बक्सों से 101 किलोग्राम शहद निकाला - Shaurya Mail

Breaking News

लोक भवन व मुख्यमंत्री आवास के मधुमक्खी बक्सों से 101 किलोग्राम शहद निकाला

 लोक भवन व मुख्यमंत्री आवास के मधुमक्खी बक्सों से 101 किलोग्राम शहद निकाला

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 24 मार्च 2026

राज्य में मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसे बढ़ावा देने के लिए लोक भवन और मुख्यमंत्री आवास परिसर में भी मधुमक्खी के लगाए गए बक्सों से मंगलवार को 101 किलोग्राम शहद प्राप्त हुआ।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने हनी बी प्रोसेसिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन राज्य के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड का शहद भविष्य में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा और एक मजबूत ब्रांड के रूप में उभरेगा। राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ राज्य में मधुमक्खी पालन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। राज्य में उपलब्ध औषधीय एवं सुगंधित पौधों और जैविक खेती की संभावनाओं का उपयोग कर इस क्षेत्र को और विकसित किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित, नेशनल बी बोर्ड के सदस्य अजय सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। लोक भवन में स्थापित 15 मधुमक्खी बक्सों से प्रथम चरण में लगभग 41 किलोग्राम शहद प्राप्त हुआ। ये बक्से पुष्प प्रदर्शनी के दौरान परिसर में लगाए गए थे, जिनमें मेलीफेरा प्रजाति की मधुमक्खियां रखी गई हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री आवास परिसर में भी शहद निकालने के प्रथम चरण में लगभग 60 किलोग्राम शहद प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास एवं आसपास के क्षेत्र में ‘3-बी गार्डन’ (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली और बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) विकसित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मधुमक्खी पालन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में उपलब्ध विविध पुष्प प्रजातियां उच्च गुणवत्ता वाले जैविक शहद उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में औषधीय गुणों वाले शहद के उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!